चंडीगढ़। पंजाब में विभिन्न मांगों के समर्थन और किलोमीटर स्कीम के तहत बेड़े में शामिल होने वाली बसों के खिलाफ पीआरटीसी कर्मचारियों की हड़ताल चल रही है। इस पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपील की कि सभी कर्मचारी काम पर लौटें और सरकार से बैठकर बातचीत करें। कोई ऐसा काम न करें, जिससे जनता की परेशानियां बढ़ें।
मान ने कहा कि सरकार सभी मुद्दों को हल करने के लिए ईमानदारी से प्रयास कर रही है और कुछ मामले अदालतों में लंबित हैं। कर्मचारियों को जनता की सुविधा को देखते हुए आंदोलन समाप्त कर देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार पीआरटीसी कर्मचारियों की समस्याओं को समझती है और उनके समाधान के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार घोषणा कर चुकी है कि जल्द ही 900 नई सरकारी बसें अपने बेड़े में शामिल करेगी, जिससे जनता को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी।
सीएम ने बताया कि शनिवार सुबह वह कुराली बस अड्डे के दौरे पर गए थे। वहां उन्होंने लोगों की समस्याएं देखीं और रूपनगर के डिप्टी कमिश्नर को स्थानीय और लंबी दूरी की बस सेवाओं की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।