कायाकल्प टीम का ने किया निरीक्षण, मरीजों से संवाद कर उपचार, दवाओं व व्यवस्थाओं की ली जानकारी
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में सोमवार को सोनीपत से आई तीन सदस्यीय कायाकल्प टीम ने सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी और तकनीकी इकाइयों का दौरा कर मरीजों को दी जा रही सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने महिला वार्ड, ओपीडी कक्ष, एक्स-रे रूम, लैब, ऑपरेशन थियेटर, पार्किंग और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की जांच की। वार्डों में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया गया। इसके साथ ही दवाओं के स्टॉक, बायो मेडिकल वेस्ट निस्तारण, बेडों की स्थिति, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई को भी परखा गया।
बच्चों के वार्ड में रखी दवाओं की फ्रिज का तापमान जांचने पर उसमें खामी पाई गई, जिसे लेकर टीम ने आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। वहीं वार्डों में सफाई संतोषजनक पाई गई, लेकिन कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य के कारण फैली गंदगी पर टीम ने जल्द सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
सिविल अस्पताल की सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि कायाकल्प टीम द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल की सेवाओं को और बेहतर बनाना है, ताकि मरीजों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में बेहतर उपचार मिल सके।