शराब पीने के दौरान भिड़े...गले में मारी कस्सी, चार इंच तक घुसी, हालत गंभीर
20 मिनट तड़पता रहा युवक, अस्पताल पहुंचाने के बजाय वीडियो बनाने में लगे रहे लोग
सेक्टर-19 अंडरपास के पास दोनों साथ पी रहे थे शराब, लंबी बहस के बाद हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-19 अंडरपास के नजदीक शराब ठेके के सामने शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी में एक युवक ने मोबाइल दुकानदार के गले में कस्सी मार दी। कस्सी के पंजे दुकानदार के गर्दन में चार इंच तक घुस गए। यह देख हमलावर मौके से भाग निकला। वहीं, जमीन पर गिरकर अभयपुर निवासी संदीप सिंह 20 मिनट तक तड़पता रहा और लोग वीडियो बनाते रहे। इसके बाद पहुंची पीसीआर ने घायल को सेक्टर-6 सिविल अस्पताल पहुंचाया। इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार के बाद संदीप सिंह को पीजीआई रेफर कर दिया गया। अभी हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से हमलावर की पहचान करने में जुटी है। संदीप सिंह अभयपुर में मोबाइल की दुकान चलाता है।
रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे 37 वर्षीय संदीप सिंह और कूड़ा उठाने वाला युवक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी बीच दोनों में किसी बात पर विवाद हो गया। काफी देर तक कहासुनी हुई। इसके बाद कूड़ा उठाने वाले युवक ने संदीप सिंह पर कस्सी से गर्दन पर जानलेवा हमला कर दिया। कस्सी के पंजे चार इंच तक घुसकर फंस गए। आसपास से गुजरने वाले लोगों ने युवक को सड़क पर तड़पता देखा तो मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया लेकिन किसी ने अस्पताल पहुंचाने की हिम्मत नहीं जुटाई।
आए दिन होते हैं झगड़े
आसपास के लोगों ने बताया कि यहां आए दिन लड़ाई झगड़े होते रहते हैं। पुलिस की गश्त भी नहीं होती। ठेके के पास लोग खुलेआम शराब पीते रहते हैं। अगर पुलिस होती तो यह वारदात न होती।
हमलावर की तलाश में पुलिस
पुलिस हमलावर की तलाश कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मौके पर पहुंचे सेक्टर-19 इंचार्ज सचिन ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान की जा रही है। हमला करने वाले को पकड़ने के लिए टीमें लगा दी हैं।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। जमीन पर गिरे खून के सैंपल जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए हैं। युवक का पीजीआई में इलाज चल रहा है। संदीप के पिता विजय सिंह ने बताया कि बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है।
कोट
दोनों युवकों के बीच शराब पीने के दौरान विवाद हुआ। कूड़ा उठाने वाले युवक ने नशे में कस्सी से हमला किया है। आरोपी हमला करने के बाद भाग गया है। हमलावर की पहचान की जा रही है। आरोपी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-सचिन, सेक्टर-19 चौकी इंचार्ज