फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बायोमैट्रिक मशीनों की सुरक्षा भी करेगी सीआईएसएफ

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। पंजाब सिविल सचिवालय में अफसरों-मुलाजिमों की हाजिरी दर्ज करने के लिए लगाई गईं बायोमीट्रिक मशीनों की सुरक्षा का काम, पूरे सचिवालय की सुरक्षा के लिए तैनात सीआईएसएफ को ही सौंप दिया गया है। सीआईएसएफ के जवान सादे वस्त्रों में सचिवालय की हर मंजिल पर लगी बायोमीट्रिक मशीनों पर नजर रखेंगे कि कोई व्यक्ति इन्हें नुकसान न पहुंचाए।
विज्ञापन

इस संबंध में सचिवालय के प्रशासनिक अधिकारी द्वारा आम राज प्रबंध विभाग के मार्फत, पंजाब एवं हरियाणा सिविल सचिवालय में तैनात सीआईएसएफ की यूनिट के कमांडेंट को भेजे पत्र में आग्रह किया गया है कि सीआईएसएफ के कर्मचारियों को सिविल वर्दी में बायोमीट्रिक मशीनों की निगरानी के लिए तैनात किया जाए।
पत्र में यह भी खुलासा किया गया है कि सचिवालय प्रशासन द्वारा सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की हाजिरी बायोमीट्रिक मशीनों के जरिये लगवाने के उद्देश्य से पंजाब सिविल सचिवालय की विभिन्न मंजिलों पर बायोमीट्रिक मशीनें इंस्टाल की गई हैं लेकिन कुछ शरारती तत्वों द्वारा इन मशीनों के स्क्रीन लॉक कर दिए गए हैं। इसके अलावा कुछ मशीनों के चार्जर तोड़ दिए गए हैं और कुछ मशीनों के स्कैनर भी खराब या तोड़ दिए गए हैं। इस कारण सचिवालय में अफसरों-मुलाजिमों को हाजिरी लगाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

मशीनों की रफ्तार धीमी, मुलाजिमों की संख्या ज्यादा
पंजाब सरकार के सभी सरकारी विभागों, बोर्डों-निगमों में कर्मचारियों की हाजिरी बायोमीट्रिक्स अटेंडेंस सिस्टम (बीएएस) के जरिये लगाने का काम शुरू किया गया है। इसके तहत, कर्मचारी अपने कार्यालय आते-जाते समय बायोमीट्रिक्स सिस्टम से हाजिरी लगाएंगे लेकिन जो कर्मचारी किन्हीं कारणों से देरी से कार्यालय आते हैं या देरी से कार्यालय से जाते हैं, उसका कारण डेजिगनेटिड रजिस्टर पर दर्ज करना अनिवार्य कर दिया गया है। गत तीन फरवरी से पंजाब सचिवालय में मुलाजिमों की हाजिरी बायोमीट्रिक मशीनों से लगाने का काम शुरू हुआ था। इस दिन सुबह ड्यूटी पर पहुंचे कर्मचारियों की लंबी कतारें बायोमीट्रिक मशीनों के आगे लग गई थीं। मशीनें सैकड़ों कर्मचारियों की उंगलियों के निशान पहचाने में निर्धारित समय तो ले ही रही थीं, वहीं कर्मचारियों की इतनी बड़ी संख्या के चलते करीब आधे घंटे के भीतर ही बायोमीट्रिक मशीनों का सर्वर से जुड़ा सिस्टम हैंग होकर रह गया। इसके बाद बहुत देर कर कर्मचारी जहां अपनी हाजिरी लगाने के लिए परेशान होते रहे, वही उनकी दूसरी परेशानी यह रही कि वे सचिवालय तो समय पर पहुंच गए लेकिन सर्वर चालू होने के बाद जब उनकी हाजिरी लगी, तब तक उनके ड्यूटी पर आने का सही समय निकल चुका था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें