संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। सीआईए स्टाफ मोगा की पुलिस पार्टियों ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 8 देसी पिस्तौल और 5 कारतूस सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
वस संबंध में एसएसपी मोगा अजय गांधी ने बताया कि सीआईए स्टाफ को गुप्त सूचना के आधार पर यह सफलता प्राप्त हुई है। सीआईए स्टाफ मोगा की पुलिस पार्टी गुप्त सूचना के आधार पर बाघापुराना रोड स्थित गांव तारेवाला बिजली घर के पास पहुंची व एक व्यक्ति नवगीत सिंह को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 4 देसी पिस्तौल और 5 राउंड बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि यह अवैध हथियार उसने मनदीप सिंह निवासी मदोके से लिए थे। इसके बाद पुलिस ने मनदीप सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से एक देसी पिस्तौल .30 बोर बरामद की।
दूसरे मामले में सीआईए स्टाफ ने गुप्त सूचना के आधार पर डाला लिंक रोड पर एक व्यक्ति सुखनदीप उर्फ दीप को अवैध हथियारों सहित काबू किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 3 पिस्तौल और 4 मैगजीन बरामद हुईं। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि सुखनदीप दीप इन हथियारों को किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से लेकर आया था और उस पर पहले से करीब 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया।