माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। होली के पर्व पर पंचकूला का बाजार गुलजार है। इसके लिए बाजारों में अलग तरह की पिचकारियां पहुंची हुई हैं।
इस बार बाजार में आईं मोटू-पतलू और फायर ट्रक की पिचकारियों से बच्चे रंग बरसाएंगे। होली के लिए लोग गुलाल, अबीर सहित हर्बल रंगों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
इस बार बाजार में कुछ अलग तरह की पिचकारियां आई हैं। अलग तरह की पिचकारियों पर फिल्मों के अलावा कार्टून की पिचकारियों का असर देखा जा रहा है। बाजार में मोटू-पतलू, फायर ट्रक, आईपीएल की मुंबई इंडियंस की टीम के चित्र वाली और हैंड ग्रेनेड के मॉडल की पिचकारी लोगों को लुभा रही हैं।
साथ ही चांदी की पिचकारी, म्यूजिक पिचकारी, लाइट म्यूजिक पिचकारी, गन पिचकारी भी है। ये लोगों को 100 रुपये से तीन हजार रुपये तक मिल रही है। लोग भी बाजार में खरीदारी के लिए आ रहे हैं। लोग इसके लिए सेक्टर-15, 12 सहित सभी मार्केट में हर्बल कलर की खरीदारी लोग कर रहे हैं।
चर्चित कार्टून किरदार वाली पिचकारियों की धूम : सेक्टर-15 के दुकानदार सुरेंदर कुमार ने बताया कि हर बार होली पर कुछ न कुछ नया जरूर आता है। इस बार बाजार में कई अलग-अलग तरह की पिचकारियां आई हैं। इसमें कुछ चर्चित कार्टून जैसे मोटू-पतलू, मिकी माउस पर आधारित हैं, जिन्हें बच्चे काफी ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इसके अलावा टैंक पिचकारी का भी क्रेज बना हुआ है। उन्होंने बताया कि रंग-गुलाल की कई वैराइटी हैं लेकिन अबकी बार लोग ऑर्गेनिक गुलाल और ऑर्गेनिक कलर्स ज्यादा पसंद कर रहे हैं। बाजार में बच्चों के लिए पिचकारी लेने पहुंचे अश्विनी शर्मा ने बताया कि उन्होंने बेटे के लिए हथौड़ा पिचकारी ली है। सेक्टर-6 के दुकानदार अनिल कुमार ने बताया कि तलवार वाली पिचकारी की शॉर्टेज हो गई थी। दोबारा माल मंगाया है।