कालका। प्रतिबंध के बावजूद पतंग उड़ाने के लिए बिक रही चीनी डोरी लगातार दुर्घटना का कारण बन रही है। ऐसी ही एक घटना में छह वर्षीय बच्चा चीनी डोर की चपेट में आकर घायल हो गया। लोगो ने मांग की है कि चीनी डोर रखने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की जाए ताकि इस डोर से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
खटीक मोहल्ला निवासी सूरज ने बताया कि उसका छह वर्षीय बेटा आरव ट्यूशन से घर आ रहा था। इस बीच ललारी के अहाते के पास वह चाइनीज डोर की चपेट में आ गया। इससे उसकी गर्दन पर जख्म बन गए। आनन-फानन में उसको एसडीएच कालका ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उसको सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल ले जाया गया। सूरज ने बताया कि उसके बेटे के गले में दो टांके आए हैं।