संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। नालागढ़ रोड पर स्थित गांव कीरतपुर के सरकारी राशन डिपो पर मंगलवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता सहित पंचकूला गुप्तचर विभाग ने छापा मारा। इस दौरान टीम में शामिल अधिकारियों ने डिपो में मौजूद गेहूं, चीनी और बाजरा का रिकार्ड से मिलान किया। टीम को डिपो में ढाई क्विंटल गेहूं, करीब 12 क्विंटल बाजरा और 90 किलो चीनी अधिक मिली है। अब विभाग नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
इस मौके पर एसआई सुरेंद्र सिंह, एएसआई सुरेंद्र, हितेश, निरीक्षक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग राजेश यादव, नापतोल विभाग के सहायक अश्विनी कुमार मौजूद रहे। मौके पर सीएम उड़नदस्ता, गुप्तचर विभाग के अधिकारियों ने लाभार्थियों को दिए जा रहे राशन की जांच की। उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग एवं नापतोल विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। खाद्य आपूर्ति विभाग से पहुंचे निरीक्षक राजेश यादव ने लाभार्थियों को दिए राशन और डिपो में रखे राशन का मिलान किया।
निरीक्षण के दौरान डिपो में राशन अधिक पाया गया। इंस्पेक्टर राजेश यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को कीरतपुर में स्थित डिपो में अधिक राशन मिला। इसकी जांच की जाएगी।