टांडा (होशियारपुर)। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को होशियारपुर ज़िले के टांडा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। वह सबसे पहले गांव मियाणी पहुंचे, जहां सरकारी स्कूल में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर स्थापित किया गया है। यहां उन्होंने लोगों से मुलाकात कर उनसे बात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
विज्ञापन
इसके बाद मुख्यमंत्री रड़ा पुल पहुंचे और धुस्सी बांध का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय किसानों से भी बातचीत की और उनकी चिंताओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की फसलों और जमीनों को हुए नुकसान का उचित आंकलन कर रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए, ताकि मुआवजे की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावितों के लिए हर संभव राहत और पुनर्वास कार्य को प्राथमिकता पर कर रही है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत सामग्री, चिकित्सा सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी न आने पाए।