पंचकूला। स्काई स्कूल का अकाउंटेंट स्कूल के खाते से 50 लाख रुपये निकालकर फरार हो गया है। सेक्टर-5 पुलिस ने स्कूल प्रबंधक की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि स्काई स्कूल के प्रबंधक अमनदीप पड्डा ने शिकायत दी है। शिकायत के बाद स्कूल के अकाउंटेंट मुकेश कक्कड़ पर धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में स्काई स्कूल के प्रबंधक अमनदीप पड्डा ने बताया कि स्कूल का चालू खाता एचडीएफसी बैंक सेक्टर-11 में है। यह खाता वर्ष-2018 से चल रहा है। इस खाते में विद्यार्थियों के अभिभावकों की तरफ से स्कूल की फीस जमा की जाती है। इस चालू खाते में पैसे जमा कराने की जिम्मेदारी स्काई स्कूल के अकाउंटेंट मुकेश कक्कड़ के पास थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाउंटेंट मुकेश कक्कड़ की तरफ से जो पैसे इस खाते में जमा कराया जाता था, बैंक की तरफ से हस्ताक्षर कर रसीद स्कूल के अकाउंट विभाग में रखी जाती थी। यह सभी रसीदें स्कूल में प्रमाण के तौर पर उपलब्ध हैं। 18 दिसंबर 2021 को अमनदीप पड्डा ने स्कूल स्टाफ की सेलरी चेक के माध्यम से दी। जारी किए सभी के चेक बाउंस हो गए। उनके अनुसार अकाउंटेंट ने उन्हें बताया था कि स्कूल के खाते में 50 लाख रुपये हैं, लेकिन पैसे खाते में नहीं थे।
अकाउंटेंट की तरफ से जो पैसा बैंक में जमा किया गया था, उसकी रसीद स्कूल के पास उपलब्ध है। स्कूल के अकाउंटेंट ने स्वास्थ्य ठीक नहीं होने का बहाना बनाकर नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद मुकेश कक्कड़ ने अपना फोन बंद कर लिया था। फोन बंद होने के बाद स्कूल के प्रबंधक का शक गहरा गया। इसके बाद वे सेक्टर-11 स्थित बैंक गए। बैंक अधिकारियों को उन्होंने बताया कि बैंक से मुहर लगी रसीदें जमा कराई गई हैं। इसमें बैंक के कर्मचारियों और अधिकारियों की मिलीभगत हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाउंटेंट मुकेेश कक्कड़ सहित कई बैंक कर्मचारियों ने मिलकर उनके साथ जालसाजी, धोखाधड़ी और विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि बैंक की जमा की गई राशि की पर्ची ऑफिस में उपलब्ध है। जो जमा पर्ची है वह बैंक अकाउंट में जमा किए गए पैसे से मेल नहीं खाती है। अकाउंटेंट की तरफ से केवल छह लाख रुपये जमा की रसीद है।
इस पर बैंक अधिकारियों की तरफ से हस्ताक्षर किए गए हैं। बैंक खाते को जब चेक किया गया तो खाते में केवल छह हजार रुपये जमा थे। सेक्टर-5 थाना प्रभारी दलीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। बैंक और स्कूल से एकत्रित रिकार्ड को जांचा जा रहा है। इसमें जो भी आरोपी शामिल हैं, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अकाउंटेंट की तलाश भी कर रही है।