पंचकूला। सेक्टर-12ए बुजुर्ग महिला का दामाद बनकर छह लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। सेक्टर-12 साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-12ए निवासी रुपिंदर कौर (78) ने शिकायत में बताया कि 13 फरवरी की सुबह करीब 7.30 बजे उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने आवाज पहचानने को कहा। बुजुर्ग महिला आवाज नहीं पहचान सकी तो कुछ देर बाद उन्होंने कहा कि वह उनकी पोती के पति सिमरन बोल रहा है। इस पर आरोपी ने कहा कि सही पहचाना। आरोपी ने बुजुर्ग महिला से कहा कि वह अभी संकट में है। उसे गिरफ्तारी से बचने के लिए अभी छह लाख रुपये की जरूरत है। आरोपी ने कहा कि वह उन्हें एक एजेंट का मोबाइल नंबर और खाता नंबर भेज रही है। उसमें रुपये जमा करवा दें। उसने महिला से भी उनके बैंक खाते की डिटेल मांगी ताकि वह उसमें 12 लाख रुपये जमा करवा सके और समय आने पर निकाल लेगा। कुछ देर बाद ही आरोपी ने महिला के व्हाट्सएप नंबर पर एक बैंक की पर्ची भेजी, उसमें 12 लाख रुपये ट्रांसफर करने के बारे में लिखा हुआ था। पर्ची भेजने के कुछ देर बाद ही महिला के मोबाइल पर विदेश के नंबर से कॉल आई और उसने कहा कि उनके बैंक खाते में 12 लाख रुपये जमा करवाए गए हैं। उसे प्रोसेस होने में कुछ घंटे का समय लगेगा। इसके बाद महिला ने छह ट्रांजेक्शन में आरोपी के बताए बैंक खाते में छह लाख रुपये जमा करवा दिए। अगले दिन आरोपी ने दोबारा फोन कर महिला से नौ लाख रुपये और जमा करवाने को कहा। इसके बाद महिला को ठगी का पता चला। जांच अधिकारी मुकेश कुमार का कहना है कि बुजुर्ग महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।