संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-12 की एक महिला से एक लाख रुपये की ठगी हुई है। सेक्टर-12 की गीता शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जून 2023 में उन्होंने डॉक्टर से चेकअप के लिए सेक्टर-21 के निजी अस्पताल का ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के लिए गूूगल पर नंबर सर्च किया। गूगल पर मोबाइल नंबर मिलने पर अपॉइंटमेंट के लिए कॉल किया।
कॉल उठाने वाले ने महिला को 10 रुपये अपॉइंटमेंट के लिए ऑनलाइन यूपीआई से ट्रांसफर करने को कहा। इसके लिए उसने यूपीआई नंबर महिला को बताया और महिला ने ऑनलाइन पेमेंट करने की कोशिश की लेकिन नहीं हुआ। इसके बाद आरोपी ने अप्वाइंटमेंट के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर महिला को क्लिक कर पेमेंट करने को कहा।
महिला ने दोबारा कोशिश की लेकिन फिर भी ऑनलाइन पेमेंट नहीं हुआ। उसके बाद आरोपी ने फोन काट दिया। कुछ देर बाद महिला को बैंक से फोन आया कि उसने किसी के बैंक खाते में एक लाख रुपये ट्रांसफर किए हैं। उसके बाद महिला को साइबर ठगी के बारे में पता चला। उसने तुरंत मामले की शिकायत पुलिस में दी।