माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। मलयेशिया निवासी भांजा बनकर मामा से एक लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हैबतपुर रोड कृष्णा एन्कलेव डेरा बस्सी निवासी दर्शन सिंह ने बताया छह माह पहले उनका भांजा नौकरी करने मलयेशिया गया है। बहन पंजाब में रहती है। 11 नवंबर को काॅल आई। इसमें आरोपी ने भांजा बनकर एक लाख की जरूरत बताई। पीड़ित के अनुसार उन्होंने पहले दिन 20 हजार रुपये भेजे, दूसरे दिन 12 नवंबर को कॉल आने पर दोबारा 30 हजार रुपये भेजे। इसके बाद तीसरे दिन काॅल आने पर 50 हजार रुपये भेज दिया। अलग-अलग नाम के खातों पर तीन बार में एक लाख रुपये तक भेज दिए।
दर्शन सिंह ने बताया कि भांजे ने चौथे दिन रुपया वापस करने को कहा था। रुपये मांगने के लिए नंबर पर काॅल किया तो वह नहीं मिला। इसके बाद पंजाब बहन को काॅल किया तो पता चला कि भांजा बनकर किसी ने एक लाख रुपये ठग लिए हैं। साइबर क्राइम जांच अधिकारी उपनिरीक्षक सतिंद्र सिंह ने बताया कि मिले शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। जिस खाते में रुपये भेजे गए उसी खाता नंबर के आधार पर जांच जारी है।