संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पिंजौर निवासी एक व्यक्ति को जेनरेटर बेचने का झांसा देकर 9.44 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, पिंंजौर निवासी संदीप सिंह खोखर ने बताया कि उनकी पिंजौर एचएमटी में इलेक्ट्रानिक की दुकान है। उन्होंने इंटरनेट पर दिल्ली स्थित मुस्कान ट्रेडिंग कंपनी में एक जेनरेटर बिकाऊ होने के बारे में विज्ञापन देखा था। उन्होंने अपने कारोबार के लिए एक सेकंड हैंड जनरेटर की तलाश थी।
कंपनी द्वारा दिए नंबर पर 10 जनवरी को संपर्क किया। उन्हें बताया गया कि जेनरेटर बिकाऊ है, उसकी कीमत 8 लाख रुपये और जीएसटी अलग से लगेगा। शिकायतकर्ता ने कंपनी के कर्मचारी को कहा कि वे जनरेटर देखना चाहते हैं। कर्मचारी ने उन्हें कंपनी का पता और एक व्यक्ति सन्नी का मोबाइल नंबर पर संपर्क करके जनरेटर देखने को कहा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपने जानकार अजय राणा को दिल्ली स्थित उपरोक्त पते पर भेजकर जनरेटर देखने के लिए कहा। अजय राणा जेनरेटर देखने पहुंचे। सन्नी ने शिकायतकर्ता के जानकार अजय राणा को जेनरेटर दिखाया। उन्होंने जेनरेटर ठीक होने की जानकारी दी।
इसके बाद उन्होंने कंपनी के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। उन्हें बताया कि गया कि जेनरेटर की कुल रकम 9.44 लाख रुपये जमा करवानी होगी। शिकायतकर्ता ने विश्वास करके बैंक खाते में 9.44 लाख रुपये भेज दिए। खाते में पैसे जमा करवाने के बाद कहा गया कि सन्नी के पास से जेनरेटर गाड़ी में लोड करवाकर ले जा सकते हैं। जैसे ही उन्होंने गाड़ी सन्नी के पते पर भिजवाई तो उसने कहा कि यह जेनरेटर उसका है। उसे किसी ने रुपये नहीं भेजे हैं। इसके तुरंत बाद दिए नंबर पर संपर्क किया गया तो वह फोन बंद आने लगा। इसके बाद उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई।