रायपुररानी। खेड़ी निवासी विपिन शर्मा को विदेश भेजने का झांसा देकर 25 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। रायपुररानी पुलिस ने विपिन शर्मा की शिकायत पर सोमवार को आरोपी पिता और बेटी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विपिन ने आरोप लगाया कि उसके घर से तीन घर छोड़कर आरोपी राजेश कुमार का घर है। आरोपी ने कहा कि उसकी बेटी कनाडा में रहती है। गांव के छह लड़कों को कनाडा भेजा हुआ है। तुझे और तेरी पत्नी को भी कनाडा भेज दूंगा। इसके बाद उसकी पत्नी को तीन माह में कनाडा भेजने के नाम पर 35 लाख रुपये मांगे। इसके बाद आरोपी महिला ने उससे कनाडा में फाइल लगवाने और प्रोसेसिंग के लिए पासपोर्ट सहित अन्य दस्तावेज मांगे। 18 जनवरी 2022 को 50 हजार रुपये एडवांस लिए। इसी तरह विपिन से पैसे ऑनलाइन और कैश के माध्यम से लेती रही। पूछे जाने पर महिला और उसका पिता बोलता रहा कि फाइल प्रोसेसिंग में है। कुछ दिनों बाद आरोपी कोमल ने विपिन के पास व्हाट्सएप पर कन्फर्म वीजा लेटर भेजा। उसकी पूछताछ के बाद पता चला कि वह लेटर फर्जी है। विपिन को फर्जी लेटर की जानकारी लगने के बाद से ही आरोपी पिता राजेश व उसकी पुत्री ने उनसे फोन पर बात करनी और मैसेज देखने बंद कर दिए। विपिन ने बताया कि उसने जमीन बेचकर और लोन लेकर उन्हें पैसे दिए हैं, जो करीब 25 लाख है। थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है व जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।