संवाद न्यू एजेंसी
पंचकूला। जीरकपुर निवासी व्यक्ति को बिजनेस में इंवेस्ट करने का झांसा देकर 21.20 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। सेक्टर-20 थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जीरकपुर निवासी परमिंद्र सिंह ने शिकायत में बताया कि वे इश कौशल को पहले से जानते थे। दोनों ने एक साथ बिजनेस शुरू करने के लिए सहमति बनाई। 12 अक्टूबर 2018 को एक पार्टनरशिप फर्म मैसर्ज सुप्रीम रिकॉर्डस के नाम से बनाई।
इसका ऑफिस प्लॉट नंबर 231 औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 पंचकूूला में था। उनका इवेंट ऑर्गेनाइज करने का काम था। आरोपी इश ने उन्हें अन्य दो लोगों से मिलवाया। एक इवेंट के लिए उन्होंने आरोपी के बैंक अकाउंट में दो लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद शिकायतकर्ता ने इवेंट करवाने के लिए तीन कलाकारों को बुक किया। इसके लिए उन्होंने 21.70 लाख रुपये आरोपियों को दिए। शिकायतकर्ता ने दी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने पूर्व नियोजित योजना के तहत उनसे 21.20 लाख रुपये लेकर हड़प लिए। जब शिकायतकर्ता ने आरोपियों से इस बारे में पूछा तो उसके साथ गाली-गलोज कर जान से मारने की धमकियां देने लगे। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।