संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। एक बुजुर्ग को आकर्षक रिटर्न देने का झांसा देकर 10.65 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। साइबर थाना पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मोहाली निवासी महेश कुमार बाजपेयी ने दी शिकायत में बताया कि उन्हें हरिद्वार निवासी मिन्दर सिंह, रुडकी निवासी पुनीत बिड़ला और रुड़की निवासी संजय शर्मा ने एक बिजनेस टीम वर्ल्ड 11 के अंतर्गत कंपनी फेंटेसी गेमिंग टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के बारे में बताया।
इसमें मिलने वाले बहुत आकर्षक रिटर्न के बारे में उन्हें बताया कि रोज गारंटीड कैश बैक तब तक आता है। शिकायतकर्ता ने भरोसा करते हुए 14 फरवरी 2021 से 2 मार्च 2021 के दौरान कुल 13.2 लाख रुपये कंपनी में जमा करा दिए और बताए गए बिजनेस प्लान के अनुसार डेली कैश बैक के पैसे आते रहे। करीब डेढ़ महीने तक यानी 15 अप्रैल 2021 तक डेली कैश बैक के पैसे आते रहे। 15 अप्रैल के बाद पैसे आने बंद हो गए।
कंपनी का ऑफिस पिंजौर था
शिकायतकर्ता ने ऑफिस के बारे में पता किया। उनके जानकार संजय शर्मा ने उन्हें बिटना रोड पिंजौर स्थित ऑफिस का लॉकेशन गूगल मैप से उनके मोबाइल पर व्हाट्स एप के माध्यम से भेजा। ऑफिस में उन्हें डायरेक्टर मोहित शर्मा मिला। उसने शिकायतकर्ता को आश्वासन दिया कि कुछ समय बाद पैसे आने शुरू हो जाएंगे क्योंकि अभी बेबसाइट पर कुछ काम चल रहा है। कुछ दिन शिकायतकर्ता ने इंतजार किया लेकिन पैसे नहीं आए। शिकायतकर्ता ने मोहित शर्मा को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद पीडि़त ने ठगी की शिकायत पुलिस में दी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।