माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। क्रिप्टो करेंसी में इनवेस्ट करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 10.34 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक पिंजौर निवासी हनी भारद्वाज हिमाचल के परवाणू स्थित निजी कंपनी में बतौर मैनेजर कार्यरत हैं। दीपावली के दौरान वे छुट्टी पर थे। 11 नवंबर 2023 की दोपहर 1 बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। इसमें वर्क फ्रॉम होम के माध्यम से पैसे कमाने का जिक्र किया गया था। साथ में टेलीग्राम का लिंक भी दिया था। उन्होंने लिंक पर क्लिक कर अपनी पूरी जानकारी भरी।
शुरूआत में वीडियो लाइक करने के 300 रुपये की कमाई की। उसके बाद उनसे 1000 रुपये इनवेस्ट कराया गया। इसकी एवज में 1300 रुपये की कमाई हुई। इसके बाद 2000 रुपये इनवेस्ट करवाए तो बदले में 2600 रुपये की कमाई हुई। इसके बाद उन्होंने 5000 रुपये इनवेस्ट कर 6500 रुपये की कमाई की। इसके बाद उनसे 30 हजार रुपये क्रिप्टो करेंसी में इनवेस्ट करने को कहा गया। इसके बाद आरोपी ने फिर 50 हजार रुपए इनवेस्ट करने को कहा। दोनों का लाभ एक साथ मिलने की बात कही गई। पीड़ित ने 50 हजार रुपए भी इनवेस्ट किए। उसके बाद 1.33 लाख, फिर 1.33 लाख, 2 लाख, 4 लाख रुपए इनवेस्ट किए, ताकि पूरी राशि लाभ समेत वापस मिल सके।
10,34,700 रुपये इनवेस्ट करने के बाद जब पीड़ित को एक लाख रुपये और इनवेस्ट करने को कहा गया तो उसको शक हुआ। उसने तुरंत साइबर पुलिस से संपर्क कर उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़ित ने पुलिस से कहा कि शुरूआत के कुछ रुपये तो उसके पास थे। बाद के लाखों रुपए उसने अपने पीएफ, एफडी और रिश्तेदारों से लिए ताकि पूरा पैसा वापस आ सके। यहां तक कि 10.34 लाख की ठगी के बाद आरोपी ने टेलीग्राम ग्रुप और आईडी भी बंद कर दिया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर पुलिस थाना में दी। मामले में साइबर थाना एसएचओ अरुण बिश्नोई का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।