चंडीगढ़। फ्लैट्स की किस्त और ग्राउंड रेंट पर लगने वाली लेट फीस पर ब्याज दर घटाकर चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने हजारों अलॉटियों को राहत दी है। देरी से पेमेंट करने पर अब ब्याज दर 24 से घटाकर 20 प्रतिशत कर दी गई है। इस संबंध में बोर्ड ने सोमवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया।
बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि अब नई नोटिफिकेशन के तहत अलॉटियों को कम ब्याज दर देनी होगी। पहले देरी से पेमेंट पर जहां 24 प्रतिशत ब्याज दर लगती थी, वहीं अब 20 प्रतिशत ब्याज दर चुकाने पर ही उन्हें राहत मिल जाएगी। सेल एंड साइट्स बिल्डिंग संशोधित नियमों के तहत यह नोटिफिकेशन जारी किया गया है। इसके अलावा नए नोटिफिकेशन के तहत अन्य कई बदलाव भी किए गए हैं, जिसके तहत ऐसे केस में जहां नो ड्यूज सर्टिफिकेट पहले ही इश्यू कर दिया गया है, वहां नो ड्यूज सर्टिफिकेट की डेट तक दोबारा से कैलकुलेशन नहीं की जाएगी। उन सभी स्कीमों में कैलकुलेशन पहले की तरह ही की जाएगी, जिनमें अलॉटमेंट 5 जून 2002 से पहले हुई है। जिन केसों में अलॉटमेंट लेटर 5 जून 2002 से 6 जून 2007 के बीच जारी किए गए है, उनमें ग्राउंड रेंट और प्रीमियम की कैलकुलेशन देरी से पेमेंट पर 20 प्रतिशत ब्याज लेने के बाद होगी।