अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि चंडीगढ़ व अन्य शहरों की पुलिस सिर्फ चालान काटने के लिए है। वो तो चाहते हैं कि लोग रेड लाइट जंप करें। मान ने चंडीगढ़ में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) को सड़क हादसे रोकने के लिए सभी तरह की गाड़ी में सुविधाएं दी हैं। इसमें फर्स्ट एड किट और सड़क हादसों में उपयोग के लिए अन्य उपकरण हैं। पंजाब में एक वर्ष में 5,000 से अधिक लोग सड़क हादसों में मारे जाते थे। अब एसएसएफ के आने से 48% की कमी आई है, जो अन्य राज्यों के लिए मिसाल है।
यह बल विशेष रूप से प्रशिक्षित कर्मचारियों से बना है, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं और 144 आधुनिक वाहनों से सुसज्जित है। यहां तक कि भारत सरकार ने इस पहल की सराहना की है। मान ने कहा कि तीन राज्यों के निवेदन आए हैं कि हमारी पुलिस को प्रशिक्षण दें, जिसके लिए हमने सहमति दी है। चंडीगढ़ में एआई आधारित कैमरे लगने के बाद चालानों में 11 गुना तक की वृद्धि हुई है। वर्ष 2020 से 2024 तक चंडीगढ़ में कुल 29.66 लाख ट्रैफिक चालान जारी किए गए हैं।