चंडीगढ़। नगर निगम में अब हेल्पलाइन नंबर नहीं, सोशल मीडिया का युग शुरू हो गया है। आयुक्त आनिंदिता मित्रा की सोशल मीडिया पर सक्रियता को देखते हुए हेल्पलाइन नंबरों पर आने वाली शिकायतों की संख्या कम हो गई है। वहीं, सोशल मीडिया पर शिकायत के निस्तारण की जानकारी मिलने पर लोग खुश हैं।
कुछ दिन पहले एक व्यक्ति ने सेक्टर-21 की सड़क का फोटो फेसबुक पर डालकर वहां के हालातों के बारे में बताया। वहां बिना किसी सुरक्षा संकेतकों के सड़क को खोदा गया था। आयुक्त ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए जेई, एसडीओ और ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया था। उसके बाद हल्लोमाजरा में महीनों से खराब पड़ी सड़क का फोटो लोगों ने व्हाट्सएप से आयुक्त के पास पहुंचाया। आयुक्त ने ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया। वहीं, सुखना लेक पर पार्किंग के गड्ढे में फंसी गाड़ी का फोटो ट्विटर से आयुक्त के पास पहुंचा तो तत्काल काम शुरू हो गया। इधर, पेड पार्किंग की समस्याओं पर भी जुर्माना लगने से लोगों में खुशी है। सोशल मीडिया पर समस्याओं के निस्तारण का सिलसिला क्या शुरू हुआ, लोगों ने हेल्पलाइन से ज्यादा इसी रास्ते का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
चंडीगढ़ मांगे मोर...
लोगों ने समस्याओं के निस्तारण के साथ ही आयुक्त को बधाई देना शुरू किया है। वहीं, एक व्यक्ति ने काम के निस्तारण के बाद आयुक्त को ट्वीट कर कहा कि क्यों न सेक्टर के हिसाब से अभियान चलाया जाए, चंडीगढ़ मांगे मोर। बड़ी-बड़ी घास उग आई हो या लाइट न जल रही हो, सीवर चोक हो या सड़क पर गड्ढा हो, लोग फोटो खींचकर सीधे आयुक्त को ही भेजते हैं।
काम के पहले और बाद के देने होते हैं फोटो
निगम आयुक्त ने काम में पारदर्शिता लाने के लिए काम से पहले और उसके बाद के फोटो गूगल फॉर्म पर देने को कहा है, जिसे निगम के ऑफिशियल वेबसाइट से जारी किया जाता है। वहीं, समस्या भेजने वाले को फोटो के साथ जवाब दिया जाता है। व्हाट्सएप पर आयुक्त को जवाब देने में आसानी होती है। लोगों को आयुक्त का यह नया तरीका काफी पसंद आ रहा है।
यहां बढ़ा ट्रेंड का स्टाइल
@mcchandigarh
@chandigarhsmartcity
@muncipalcorporationchandigarh
@swachhchandigarh
कोट-
हमारा उद्देश्य है कि शहर के लोगों को शत-प्रतिशत सुविधाएं मिलें। इसके लिए माध्यम आड़े न आए, इसलिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को भी मजबूत किया जा रहा है, ताकि जागरूक लोग यहां भी समस्या की जानकारी दे सकें और निगम उन्हें प्राथमिकता से निस्तारित कर सके। हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायतों के निस्तारण की रफ्तार तेज करेंगे।
आनिंदिता मित्रा, आयुक्त, नगर निगम चंडीगढ़