चंडीगढ़। पलसौरा की गोयल फार्मा कंपनी के सेल्समैन ने दवा सप्लाई के डेढ़ लाख रुपये कंपनी में जमा करवाने की बजाय गबन कर लिया। मालिक राजीव गोयल ने सेल्समैन पर मामला दर्ज करवाने के लिए जिला अदालत का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद अदालत ने सेल्समैन के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने धनास निवासी सेल्समैन राजकुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस को शिकायत में राजीव गोयल ने बताया कि उसकी पलसौरा में गोयल फार्मा नाम से दवा की कंपनी है। उन्होंने दवाई सप्लाई करने के लिए राजकुमार को सेल्समैन की नौकरी पर रखा था। राजकुमार कंपनी से दवाई लेकर सप्लाई करता और पेमेंट लेकर कंपनी में जमा करवाता था, लेकिन कुछ महीने पहले उन्होंने खाता चेक किया तो डेढ़ लाख रुपये कम मिले। जांच में पता चला कि राजकुमार ने दवाइयों की पेमेंट दुकानदारों से ले ली, लेकिन कंपनी में जमा नहीं करवाया। राजकुमार से रुपये मांगे तो वह देने से इनकार कर दिया। इससे तंग आकर राजीव गोयल ने मामले में राजकुमार के खिलाफ मामला दर्ज करवाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था।