चंडीगढ़। मलोया के जंगल में नाले के नजदीक शनिवार सुबह मांस से भरा एक बोरा मिलने से हड़कंप मच गया। दुर्गंध फैलने पर एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। मलोया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम को जानकारी दी। पुलिस को मांस के पास से एक एक्टिवा और कमीज और पैंट भी बरामद हुआ है। पुलिस का दावा है कि मांस किसी जानवर का है। वहीं प्राथमिक जांच में पता चला है कि यह एक्टिवा तीन दिन पहले आईटी थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। कपड़े जांच के लिए फोरेंसिक टीम ले गई। फिलहाल, पुलिस जांच में जुटी है कि एक्टिवा वहां कैसे पहुंची। पुलिस ने एक्टिवा को कब्जे में ले लिया है।
मलोया पुलिस ने बताया कि सुबह किसी ने फोन कर सूचना दी कि मलोया के जंगल में नाले किनारे से काफी दुर्गंध आ रही है। उसके पास एक एक्टिवा खड़ी है। वहीं, पैंट व कमीज भी पड़ी है, लेकिन कोई व्यक्ति नहीं है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ वहां से गुजरने वालों से भी पूछताछ की है। पुलिस डीडीआर दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।