पंचकूला सेक्टर-10 में सुबह सैर कर घर लौट रहे युवक के गले से बाइक सवार दो युवक सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। चेन करीब 2.25 तोले की बताई जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-5 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
शिकायत में सेक्टर-10 निवासी अमित कौशिक ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे युवक सैर करने के बाद घर के पास पहुंचा था। इसी दौरान पीछे से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक आए और उसके गले से सोने की चेन झपट ली। इसके बाद दोनों बाइक से फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, बाइक का नंबर पंजाब का था और उसका रंग काला व लाल था।
बाइक पर पीछे बैठे युवक ने सफेद रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जबकि बाइक चला रहे युवक ने मैरून रंग की टी-शर्ट पहनी थी, जिस पर काले और सफेद रंग का डिजाइन था। उसके सिर पर लाल रंग की कैप थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि दोनों युवकों के सामने आने पर वह उन्हें पहचान सकता है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।