पंचकूला। शहर के सेक्टर-16 संपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र को केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना के इंश्योरेंस के तहत लोगों को मुफ्त में इलाज देने दावे किए जाते हैं। ऐसे में तीन दिन से इस सेंटर का सर्वर डाउन है। सर्वर न चलने से इलाज के लिए आए मरीजों को न तो डॉक्टरों ने देखा और न ही उन्हें दवाएं मिल पाईं। इस कारण स्वास्थ्य केंद्र का चक्कर काटने के बाद मरीज और तीमारदार वापस चले गए। उन्हें बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में केंद्र सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ लेने के लिए लोगों को भटकना पड़ा। यही नहीं डॉक्टरोंं ने मरीजों को जीएमसीएच-32, पीजीआई और निजी अस्पतालोंं में भी रेफर नहीं किया। इस सेंटर में हार्ट, किडनी, लिवर सहित खून इन्फेक्शन की जांच कर दवाएं दी जाती हैं। सर्वर न चलने से किसी भी मरीज का कार्ड नहीं बना। पिछले तीन दिन से सर्वर न चलने के कारण करीब 150 मरीज वापस लौट गए। यह हालात लगातार बने होने से मरीज परेशान हैं। टैक्सी करके दूर दराज से आए मरीजों ने इलाज न मिलने पर विरोध जताया है। सेंटर पर आए मरीज एसपी चड्ढा, बाबूराव ने बताया कि उन्हें शुगर, ब्लड प्रेशर की दवाएं नहीं मिल रही हैं।
ब्लड इन्फेक्शन की दवाएं नहीं मिली
ब्लड इंफेक्शन है। दो दिन से आ रहा हूं। सर्वर डाउन होने और कंप्यूटर की बैटरी खराब होने के कारण न तो कोई जांच की गई और न ही इलाज मिला। इलाज न मिलने के कारण दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
एसपी चड्ढा, मरीज, पिंजौर
अन्य अस्पतालों में भी रेफर नहीं कर रहे
मुझे शुगर की बीमारी हैं। यहां इलाज नहीं मिला और दवाएं नहीं मिली। सर्वर न चलने से अन्य अस्पतालों में भी रेफर नहीं कर रहे हैं। अगर सर्वर चलता तो निजी अस्पताल रेफर होकर इलाज करवा पाता।
-बाबूराव, मरीज, पिंजौर
जान से खिलवाड़ हो रहा है
मुझे हार्ट और किडनी की बीमारी है। इलाज के लिए निजी अस्पताल में रेफर करने के लिए डॉक्टर को लिखना था। सर्वर नहीं चलने से इलाज बाधित है। इस तरह के हालात में मेरी जान से खिलवाड़ हो रहा है।
बलदेव राज, मरीज, सेक्टर -4
यूरिन इंफेक्शन की शिकायत
मुझे दो साल से यूरिन इंफेक्शन की शिकायत है। जांच के बाद डॉक्टरोंं ने प्राइवेट अस्पताल रेफर किया था। इलाज अच्छा हुआ था। मुझे दो दिन से परेशानी अधिक है। इसके बाद यहां आया तो न तो प्राइवेट अस्पताल मेंं रेफर किया गया और न ही डॉक्टर ने देखा है। इस कारण मुझे दर्द की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
-रोशनलाल मरीज, बरवाला