पंचकूला। आप अकेली हैं या भीड़ में। आपके आसपास आपराधिक मानसिकता के व्यक्ति हैं। वे कहीं भी आपको निशाना बना सकते हैं। इनसे डरे नहीं, सतर्क रहें। यह तभी संभव है, जब बिना वर्दी के हर महिला पुलिस का काम करेगी। पुलिस भी हर कदम पर आपके साथ है। शहर की सुरक्षा की कमान महिलाओं के हाथों में है। पुलिस विभाग में होने के साथ ही हम एक महिला भी हैं, महिलाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। यह बात एएसआई शिवानी ने अमर उजाला कार्यालय में आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में कहीं।
उन्होंने कहा कि आपके पास वर्दी नहीं हैं, लेकिन बिना वर्दी आपको पुलिस का काम करना है। जब घटना हो, तभी हमें चौकन्ना नहीं होना है, बल्कि हर वक्त चौकन्ना रहना है, ताकि घर से लेकर बाहर तक अपनों या फिर दूसरों के साथ होने वाली घटनाओं को रोका जा सके। घर में नौकर रखते समय उसका पुलिस सत्यापन कराएं। पड़ोस के लोगों को भी इसकी सलाह दें। कहीं स्नैचिंग होती है, तो तुरंत स्नैचर का वाहन नंबर नोट कर डायल 112 को सूचना दें। घर के आसपास अंजान वाहनों पर सीसीटीवी से नजर रखें। व्यक्ति और वाहन संदिग्ध लगे तो पुलिस को तुरंत सूचित करें। अमर उजाला फाउंडेशन के कार्यक्रम में शहर की महिलाओं ने शिवानी से शहर में होने वाली स्नैचिंग, चोरी, साइबर ठगी से जुड़े सवाल पूछे। महिलाओं के सभी सवालों के जवाब देकर उनकी हर जिज्ञासा का समाधान किया।
जागरूकता की कमी से होते हैं अपराध
एएसआई ने कहा कि साइबर क्राइम हमेशा जागरूकता की कमी से होते हैं, इससे बचाव जरूरी है। ठगी का शिकार होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दें। स्थानीय साइबर थाने को सूचित करें। साइबर क्राइम करने वाले लोग बड़े ही शातिर किस्म के होते हैं जो आपको अपना रिश्तेदार या पड़ोसी बताकर ठगी करने का प्रयास करते हैं। ये आपको सोशल मीडिया, फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम से आपके साथ जुड़कर गलत वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करके रुपये मांगने का प्रयास करेंगे।
चौकन्ना रहने की जरूरत है
सुबह सैर के लिए घर से निकली थी, तभी मकान नंबर पूछने के बहाने बाइक सवार आए कान की बाली छीनकर लेकर चले गए। मेरा कान भी फट गया। चोर-चोर चिल्लाने लगी तो स्नैचर भी चोर-चोर चिल्लाते भाग गए। उस दिन से एक सीख मिली की हमें खुद भी चौकन्ना रहने की जरूरत है। -रसीली हुडा, निवासी एमडीसी सेक्टर-5 पंचकूला
पुलिस सत्यापन कराएं
पुलिस के साथ हमें भी सतर्क रहने की जरूरत है। आज महिलाओं के मन में भय ने भी जगह ले ली है, लेकिन यह भय और अधिक समय तक न रहे और दोबारा घटनाएं न घटे, इसके लिए हमें चौकन्ना रहने की जरूरत है। घर में कोई नया व्यक्ति काम पर रखने से पहले पुलिस सत्यापन जरूरी है। - शारदा कठपालिया, प्रधान लेडीज क्लब पंचकूला
लोगों को जागरूक करूंगी
पुलिस अब मकान मालिकों से किराएदारों के सत्यापन कराने पर जोर दे रही है। लोगों को भी सतर्क रहने के लिए जागरूक कर रही है, ताकि कुछ भी गलत होने की आशंका होने पर लोग तुरंत पुलिस को सूचित करें। हर समय पोर्टल के जरिए पुलिस वेरिफिकेशन के लिए लोगों को जागरूक करुंगी। - सोनाली बख्शी, निवासी सेक्टर-21 पंचकूला
सतर्कता जरूरी है
हम हर बात के लिए पुलिस पर ही निर्भर नहीं रह सकते हैं। सतर्कता से कई घटनाओं को होने से रोका जा सकता है। पुलिस और लोग दोनों ही यदि सही समय पर मामले का संज्ञान लें, तो घटना को रोका जा सकता है। - उपिंदर कौर आहलूवालिया, पूर्व महापौर पंचकूला