चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि केंद्र सरकार ने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) फंड के पंजाब के 20 हजार करोड़ रुपये रोके हुए हैं। 4 जून को केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है, फिर हम उस पैसे को लाकर पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे। जिस बैंक में यह फंड रखा था, उससे लोन लेकर विजय माल्या विदेश चले गए हैं। सीएम मान बुधवार को बुढलाडा में आप प्रत्याशी गुरमीत सिंह खुड्डियां के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं खुद एक सरकारी मुलाजिम का बेटा हूं, इसलिए आपकी समस्याएं अच्छी तरह समझता हूं। इन सभी समस्याओं का प्रमुखता के आधार पर हल करूंगा।
मान ने कहा, ‘बुढलाडा से मेरा काफी पुराना रिश्ता है। यहां की मंडी में मैं नरमा की ट्राॅली लेकर आया करता था। अभी भी मैं यहां के कई वैसे लोगों को नाम सहित जानता हूं, जिनसे उस समय मैं मिला करता था। नौकरी के मामले में मैं अपने विधायकों और मंत्रियों की भी सिफारिश नहीं सुनता हूं। एक बार मेरे एक विधायक ने मुझे अपने करीबी रिश्तेदार को नौकरी लगाने के लिए सिफारिश की थी, मैंने उसे तुरंत मना कर दिया और आगे से ऐसी सिफारिश न लाने की चेतावनी दे डाली।’
मान ने अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल और बादल परिवार पर भी इस दौरान सियासी हमला बोला। मान ने आरोप लगाया कि महिलाओं की चुन्नियों तक में भी भ्रष्टाचार हुआ है, जिस पर शिअद को जवाब देना चाहिए। हरसिमरत कौर को ठीक से पंजाबी बोलने भी नहीं आती है।
वहीं मौके पर आप प्रत्याशी गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि बादल परिवार ने कभी भी पंजाब के लोगों की चिंता नहीं की। इन्होंने सिर्फ अपने परिवार के लोगों को विधायक सांसद और मंत्री बनाया। केंद्र सरकार में मंत्री रहते हुए हरसिमरत कौर बादल ने कभी भी पंजाब की किसानी और पानी का मुद्दा नहीं उठाया, बल्कि उलटा उन्होंने मोदी सरकार के कृषि कानूनों पर अपनी सहमति दी और हस्ताक्षर किए। इस दौरान सीएम मान को एक्स-सर्विसमैन संगठन के नेताओं ने सम्मानित भी किया, जिन्होंने उनसे अपनी समस्याएं साझी कीं।