सूरजकुंड मेला को और भव्य बनाने के लिए पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल परियोजना के तहत केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने कंसल्टेंसी की स्वीकृति हरियाणा को प्रदान कर दी है। हरियाणा के पिंजौर में भारतीय संगीत पर आधारित म्यूजियम, बल्लभगढ़ में स्थित राजा नाहरसिंह के महल में भी एक म्यूजियम, व माधोगढ़ (महेंद्रगढ़) में स्थापित किए जाने वाले हेरिटेज सर्किट को लेकर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री के साथ विचार-विमर्श किया।
हरियाणा में स्थित सिंधु घाटी सभ्यता के पुरातात्विक स्थल राखीगढ़ी व आदिबद्री-सरस्वती की परियोजनाओं के संबंध में बैठक के दौरान विस्तृत चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री रेड्डी ने कहा कि विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं के संदर्भ में केंद्रीय पर्यटन एवं सांस्कृतिक मंत्रालय व भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। इसके लिए एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा।