जीरकपुर। सोमवार रात करीब पौने आठ बजे वीआईपी रोड पर पुलिस व गैंगस्टरों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, दूसरा मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी मनजीत सिंह उर्फ गुरी और फरार गैंगस्टर गुरपाल सिंह दोनों निकासी खेड़ी गुजरां के खिलाफ 307, 353, 186 व 34 आईपीसी और 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर फरार गैंगस्टर की तलाश शुरू कर दी है। एसएचओ सिमरजीत सिंह ने बताया कि सोमवार को पुलिस एनकाउंटर में मनजीत सिंह उर्फ गुरी को गिरफ्तार कर लिया था जिसके पास दो पिस्टल एक 32 व एक 30 बोर और 11 कारतूस भी बरामद किए थे। घायल गैंगस्टर मनजीत सिंह उर्फ गुरी को सेक्टर 32 के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसके ऑपरेशन के बाद उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उनके मंसूबों का पता लगाया जा सके। गुरी पहले से कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल था और दो महीने पहले ही जेल से जमानत पर आया था। गैंगस्टर गुरी गोल्ड बराड़ के संपर्क में है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करता है।