पंचकूला में एमडीसी निवासी हाईकोर्ट के पूर्व जज के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व जज की शिकायत पर एमडीसी थाना पुलिस ने फ्लिपकार्ट के सीईओ के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शिकायत में बताया गया है कि 7 अक्टूबर को फ्लिपकार्ट पर कुबेर इंडस्ट्रीज का हैंडबैग देखा, उसकी कीमत 409 रुपये थी। उन्होंने ऑनलाइन ऑर्डर कर हैंड बैग मंगवाया। फ्लिपकार्ट की तरफ से डिलीवर किया गया हैंडबैग डैमेज था। इसके तुरंत बाद उन्होंने वापस करने की रिक्वेस्ट डाली। फ्लिपकार्ट ने उसको स्वीकार कर लिया। उसी बीच उन्होंने एमेजॉन से एक टेबल ऑनलाइन मंगवाया था। उसकी कीमत चार हजार रुपये थी, वह भी डैमेज था।
17 अक्टूबर को डैमेज हैंडबैग लेने के लिए ई-कार्ट का प्रतिनिधि घर पहुंचा और वह हैंडबैग की जगह टेबल उठाकर ले गया। इसके तुरंत बाद मामले की जानकारी फ्लिपकार्ट को दी और टेबल वापस कर हैंडबैग ले जाने के लिए रिक्वेस्ट भी डाली, लेकिन फ्लिपकार्ट के प्रतिनिधियों ने उनकी एक नहीं सुनी। इसके बाद मामले की शिकायत एमडीसी थाने में दी गई।