शिकायत पर सेक्टर-7 पुलिस जुटी जांच में, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। कोठियों में काम करने वाले कारपेंटर हेल्पर की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रिंकू (23) मौली पिंड चंडीगढ़ निवासी के रूप में हुई है। वह सेक्टर-7 में एक ठेकेदार के पास कारपेंटर का काम कर रहा था। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत मिलने पर सेक्टर-7 पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
फोन करने पर नहीं उठी काॅल
रिंकू के जानकार वीरपाल ने बताया कि बुधवार शाम सात बजे रिंकू को फोन किया था। कई बार फोन करने के बाद भी फोन नहीं उठाया। कुछ समय बाद फोन उठा तो रिंकू ने उसे बताया कि ठेकेदार के यहां लड़ाई हो गई है। फोन से बात करने के बाद अंबाला से घर पहुंचने बाद भी वह घर नहीं आया था। इसके बाद करीब 11 बजे रात को सेक्टर-7 कोठी में पहुंचा लेकिन वहां कोई नहीं था। इसके बाद उसके जानकार को फोन किया तो पता चला कि रिंकू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में पता चला कि रिंकू को ठेकेदार ने अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने रिंकू को मृृत घोषित कर दिया। सूचना पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे थे। वीरवार को अस्पताल पहुंची सेक्टर-7 पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया। थाना प्रभारी राजवीर यादव ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। केस जुसे ड़े दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए राउंडअप किया गया। वहीं मामले में आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पैसों का लेनदेन का आरोप
रिंकू के जानकार वीरपाल ने आरोप लगाते हुए बताया कि जिस ठेकेदार के पास वह काम करता था, उससे पैसों का लेनदेन का मामला था। पिछले छह महीने से ठेकेदार ने उसे पैसे नहीं दिए थे। इस मामले में ठेकेदार की भूमिका संदिग्ध है।