माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-14/15 अमरटैक्स चौक पर बाइक सवार को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों लोग बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, वहां डॉक्टरों ने बाइक चालक सागर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की ओर से मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक कार बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटते ले गई। इस दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई और उसका फायदा उठाकर कार सवार वाहन समेत मौके से फरार हो गया। भीड़ में मौजूद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस दी।
मृतक सागर ओल्ड पंचकूला के समीप घग्गर पुल के पास रहता था। मृतक के भाई दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई फूड डिलीवरी व उबर या अन्य कंपनियों में बाइक राइडिंग का काम करता था। 26 नवंबर रविवार की देर रात करीब 12 बजे वह किसी सवारी को बैठाकर अमरटैक्स चौक क्रॉस कर रहा था। उसी दौरान जीरकपुर की तरफ से आ रही चंडीगढ़ नंबर की कार ने उसके भाई की बाइक में टक्कर मार दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर रही है।