पंचकूला के सेक्टर-5 में बुधवार की देर शाम वेन चला रही युवती ने एक कार को टक्कर मार दी। फिर वह रॉंग साइड से फरार होने लगी। लेकिन पास से गुजर रहे पीसीआर के पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे बस स्टैंड के पास काबू कर लिया। कुछ देर के लिए ट्रैफिक बाधित हुआ लेकिन पुलिसकर्मी रास्ता क्लियर करवा दोनों पक्षों को थाने ले गए। दरअसल, बुधवार की शाम करीब सात बजे सलेरियो कार चालक युवक सेक्टर-5, परेड ग्राउंड की तरफ से आ रहा था। वह सेक्टर-5 थाने के मोड़ के समीप पहुंचा तो मारुति वैन को तेज स्पीड से चला रही युवती ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में सलेरियो कार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार चालक का बचाव हो गया। पुलिस क्षतिग्रस्त कार के चालक और आरोपी युवती को थाने ले गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।