पंचकूला। सेक्टर-4 के पास पंचकूला-कालका हाईवे पर शाम साढ़े 4 बजे एक तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से जा टकरा गई। इस हादसे में कार में बैठे दंपती और उनकी दो साल की बेटी के बाएं हाथ में और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। चोट लगने बाद राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस से सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया। यहां पर तीनों घायलों का इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक 35 साल के संदीप निवासी चंडीमंदिर अपनी 30 वर्षीय पत्नी मंजू और दो साल की बेटी शिवांगी के साथ कार में अपने घर चंडीमंदिर जा रहे थे। संदीप और मंजू कार की अगली सीट पर बैठे थे। वही, शिवांगी कार मे पीछे बैठी थी। जैसे ही वह सेक्टर-4 के पास पहुंचे तो उनकी कार अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे जा टकराई। टकराने के बाद कार ट्रक के नीचे घुस गई और तीनों को चोटें आईं हैं। संदीप और उनकी पत्नी दोनों का बांया हाथ फ्रैक्चर हो गया है। इनकी बेटी शिवांगी के सिर, हाथ, पैर, सीने में गंभीर चोटें आई हैं। तीनों का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसकी सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच जारी है।
कल है बेटी का बर्थ-डे, केक का ऑर्डर देने आए थे
संदीप की पत्नी मंजू ने बताया कि बेटी शिवांगी कर कल मंगलवार को जन्मदिन है और वह दो साल की होने वाली है। बेटी के जन्मदिन को लेकर अपने पति संदीप और बेटी शिवांगी के साथ केक का ऑर्डर देने आए थे। लेकिन घर लौटते समय हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि बेटी के बाएं हाथ में फ्रेक्चर और सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।