चंडीगढ़। पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को पत्र लिखकर कहा कि राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही है। इस कारण सूबे में 15 स्थानों पर अब भी रेलवे ट्रैक बाधित है।
अश्विनी शर्मा ने रेल यातायात बाधित होने के लिए कैप्टन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि ट्रैक खाली कराने में कैप्टन विफल रहे हैं। किसानों को त्योहारों के मौसम में ट्रेन नहीं चलने देने के लिए उकसाकर प्रदेश की जनता के साथ मुख्यमंत्री दोहरी राजनीति कर रहे हैं। रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि राज्य सरकार द्वारा रेलवे पटरियों को साफ व सुरक्षित करने के आश्वासन के बाद ट्रेन सेवाओं को फिर से शुरू करने के लिए तैयार है। कांग्रेस सरकार उच्च न्यायालय के आदेश का भी खुलेआम उल्लंघन कर रही है।