चंडीगढ़। पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी व कांग्रेस की पूर्व विधायक नवजोत कौर के सीएम सीट के लिए 500 करोड़ रुपये की अटैची देने संबंधी बयान के बाद विवाद अभी थमा नहीं है। इसी विवाद पर आप नेता व पंजाब के सीएम भगवंत मान ने भी कांग्रेसियों पर निशाना साधा है।
मान ने कहा कि इन कांग्रेसियों ने सियासत को मंडी बनाकर अब कुर्सियों के रेट लगाने शुरू कर दिए हैं। इस बहाने पंजाब ही नहीं पूरा देश कांग्रेसियों की असलियत से वाकिफ हो गया है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान सीएम ने कहा कि यह कांग्रेसी पंजाब की बोली लगाने से भी नहीं चूकेंगे। इन्हें सिर्फ कुर्सी से प्यार है। जो नेता रुपये देकर कुर्सी खरीदेगा, सबसे पहले वह अपना खर्च पूरा करेगा, उसके बाद अगली बार के लिए मुनाफा कमाएगा। इसके बाद अगर नैतिकता बची तो पंजाब व पंजाबियों के भले की सोचेगा।
मान ने कहा कि उनके समेत आप के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं का फोकस सिर्फ पंजाब को विकास की बुलंदियों तक ले जाने पर है। सीएम ने कहा कि उन्होंने तीन कांग्रेसी नेताओं प्रताप सिंह बाजवा, परगट सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू को आम आदमी पार्टी जाॅइन करने और सीएम फेस बनने का ऑफर दिया था मगर इन नेताओं ने ऐंठ से कहा था कि अभी सूबे में आप का माहौल नहीं है। पहले माहौल बना लो, फिर देखते हैं। उसके बाद कांग्रेसी देखते ही रह गए और पंजाबियों ने आप नेताओं को अपना सेवक बना लिया।
जापान से तीन रेडियो लाए मान
सीएम मान ने बताया कि उन्हें रेडियो को बहुत शौक है। वे अपने लिए जापान से तीन रेडियो खरीदकर लाए हैं। मैच की कमेंट्री व खबरें सुनने के लिए वे रेडियो का इस्तेमाल भी करते हैं। इस फील्ड में जापानियों की तकनीक बहुत आगे है। वे भी चाहते हैं कि इस तकनीक का फायदा भी पंजाब को मिले।
आज टी-20 का मैच देखेंगे सीएम
सीएम आज मोहाली के मुल्लांपुर स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले टी-20 इंटरनेशल मैच देखेंगे। इसी दौरान मान वर्ल्ड कप में नाम चमकाने वालीं पंजाब की तीन बेटियों हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल और अमनजोत कौर को भी सम्मानित करेंगे।