चंडीगढ़। बिल्डिंग बायलॉज के उल्लंघन के तहत लगातार नोटिस मिलने से शहर के कारोबारियों की परेशानी बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि मामूली बातों पर भी नोटिस थमा दिए जा रहे हैं जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं। चंडीगढ़ व्यापार मंडल के जनरल सेक्रेटरी बलविंदर सिंह ने बताया कि नोटिस जारी होते ही जुर्माना लग जाता है जबकि कई मामलों में उसका निपटारा वर्षों तक लंबित रहता है। इससे व्यापारी प्रशासन के चक्कर काटते रहते हैं और लाखों रुपये खर्च हो जाते हैं। व्यापारियों को परेशान करने की नियत से यह काम हो रहा है।
सेक्टर-15 के कारोबारी और व्यापार मंडल पदाधिकारी भूपेंद्र नारद का कहना है कि शहर का शायद ही कोई बाजार ऐसा होगा जहां 20 से 25 दुकानदारों को नोटिस न मिला हो। छोटी-छोटी बातों पर भी नोटिस दिए जा रहे हैं जिससे लगता है कि यह व्यापारियों को परेशान करने की मंशा है। कारोबारियों का कहना है कि अगर यह स्थिति नहीं सुधरी तो व्यापारी मोहाली और पंचकूला में कारोबार शिफ्ट करने को मजबूर होंगे।
चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चड्ढा ने बताया कि वैट समेत इस मामले पर संगठन जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात करेगा और उचित मंचों पर अपनी बात रखेगा। यदि मांगें नहीं मानी गईं तो व्यापार मंडल आंदोलन का रास्ता भी अपना सकता है।