बेहड़, कोट, ढबकौरी सहित कई रूटों पर महीनों से नहीं चल रहीं बसें
ज्ञापन देने के बाद भी नहीं हुआ समाधान, आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पंचकूला बस स्टैंड से बेहड़, कोट, ढबकौरी, बुंगा, ब्लौटी सहित अन्य ग्रामीण रूटों पर बस सेवा लंबे समय से बंद होने से छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर छात्रों ने करीब दो महीने पहले परिवहन विभाग को लिखित ज्ञापन सौंपकर बस सेवा बहाल करने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से छात्रों में विभाग के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है।
छात्रों का कहना है कि बस सेवा बंद होने के कारण उन्हें स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों तक पहुंचने में रोजाना दिक्कत झेलनी पड़ रही है। मजबूरी में उन्हें महंगे निजी वाहनों या ओवरलोडेड साझा ऑटो का सहारा लेना पड़ रहा है। कई छात्रों के लिए गांवों से शहर तक आने-जाने में दो से ढाई घंटे तक का समय लग रहा है।
छात्राओं ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन की कमी से उन्हें खास परेशानी होती है। छात्र प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि पहले इन रूटों पर नियमित रूप से बसें चलती थीं, लेकिन अचानक सेवा बंद होने से पूरे क्षेत्र के लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों की बड़ी आबादी पंचकूला, चंडीगढ़ और मोहाली में पढ़ाई और रोजगार के लिए रोजाना आती-जाती है, ऐसे में बस सेवा बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि कई बार बस स्टैंड और संबंधित अधिकारियों से मौखिक शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बस सेवा शुरू नहीं की गई तो वे अभिभावकों और ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा प्रदर्शन करेंगे।
जल्द शुरू होगी सेवा
पंचकूला डिपो के जनरल मैनेजर सुखदेव सिंह ने कहा कि छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी ग्रामीण रूटों का निरीक्षण किया जाएगा। छात्रों की सुरक्षा और समयबद्ध आवागमन विभाग की प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। जल्द ही इन रूटों पर बस सेवा शुरू करवा दी जाएगी।