पंचकूला। वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के उद्देश्य से अमरावती एजुकेशनल सोसाइटी की ओर से निशुल्क धार्मिक यात्राओं का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को चिंतपूर्णी, ज्वालाजी और नैना देवी के लिए वातानुकूलित बस यात्रा को पंचकूला से रवाना किया गया। यात्रा को पंचकूला के महापौर एवं यात्रा के चेयरमैन कुलभूषण गोयल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कुलभूषण गोयल ने बताया कि यह यात्रा पूरी तरह निशुल्क है और इसका लाभ केवल वरिष्ठ नागरिकों को दिया जा रहा है। यात्राएं फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्विस के आधार पर आयोजित की जा रही हैं ताकि अधिक से अधिक बुजुर्ग श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकें।
श्रद्धालु रविवार को तीनों शक्तिपीठों में दर्शन कर वापस लौटेंगे। यात्रा का समापन माता मानसा देवी गौ धाम, पंचकूला में किया जाएगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और समयबद्ध आवागमन का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
इच्छुक वरिष्ठ नागरिक बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर 92161-15297 और 89013-37344 पर संपर्क कर सकते हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ-साथ आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना है।
यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि बस सेवा सुचारू, सुरक्षित और सुविधाजनक है। निर्धारित स्थलों पर समय पर दर्शन कराए जाते हैं और वापसी भी तय समय पर सुनिश्चित की जाती है।