लालडू। अंबाला-चंडीगढ़ लिंक रोड पर गुलमोहर प्लाजा के पास एक निजी कंपनी की बस की टक्कर से बाइक चालक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पहचान लालू उम्र 28 साल पुत्र जय भगवान निवासी जिला बदायूं, यूपी के तौर पर बताई है। पुलिस ने माैके से बस समेत भागे चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लालड़ू थाने के एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि पुजारी पुत्र जयभगवान ने पुलिस को बताया कि उनका छोटा भाई लालू एक कंपनी में काम करता था और उसी के क्वार्टर में रहता था। लालू और वह अपनी छोटी बहन से मिलने प्रेम नगर आ रहे थे। जैसी ही वे गुलमोहर प्लाजा के पास पहुंचे तो लालू ने उन्हें वहीं उतार दिया और वे फल खरीदने बाजार चले गए।
पीछे से आ रही एक निजी कंपनी की बस ने लालू की बाइक को टक्कर मार दी और बस चालक बस समेत भाग गया। उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया और वह उसको डेराबस्सी के सिविल अस्पताल में ले गया। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। संवाद