ट्रैफिक पुलिस ने 33 हजार रुपये का चालान काटा, चालक पर पहले से करीब 20 चालान लंबित
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सड़कों पर रसूख दिखाने के लिए लग्जरी कार पर अवैध सायरन और रेड-ब्लू बत्ती लगाकर घूम रहे एक बिल्डर पर पंचकूला पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। ट्रैफिक पुलिस ने इनोवा हाईक्रॉस कार का 33 हजार रुपये का चालान काटने के साथ वाहन को इंपाउंड कर सेक्टर-5 थाना में खड़ा कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि चालक के खिलाफ पंचकूला और चंडीगढ़ में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के करीब 20 चालान पहले से लंबित हैं।
डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि 10 जुलाई को सेक्टर-9 क्षेत्र में एएसआई मनोज के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान तेज सायरन बजाते हुए एक इनोवा हाईक्रॉस कार गुजरती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकवाकर जांच की तो उस पर अवैध रूप से रेड-ब्लू बत्ती भी लगी मिली।
पुलिस ने चालक से वाहन संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वयं को बिल्डर बताया और स्वीकार किया कि उसने केवल शौक और प्रभाव दिखाने के लिए कार पर सायरन और बत्तियां लगाई थीं।
इसके बाद पुलिस ने रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि चालक के खिलाफ पंचकूला और चंडीगढ़ में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के करीब 20 चालान पहले से लंबित हैं। पुलिस ने तत्काल 33 हजार रुपये का चालान काटते हुए वाहन को इंपाउंड कर लिया।
आपातकालीन सेवाओं के लिए निर्धारित हैं सायरन और बत्तियां
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि लाल-नीली बत्तियां और सायरन केवल पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए निर्धारित हैं। आम नागरिकों द्वारा रसूख या शौक के लिए इनका इस्तेमाल करना पूरी तरह गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही अभिभावकों और युवाओं से अपील की कि वे ऐसे गैरकानूनी शौक से बचें और यातायात नियमों का पालन करें।