अब तक पॉलिटेक्निक में 1710 विद्यार्थी पढ़ रहे नए सत्र से संख्या हो जाएगी 1860
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-26 पॉलिटेक्निक में नए सेशन से बीटेक की सीटें 90 से बढ़ाकर 240 की जा रही हैं। इसमें हैरानी वाली बात यह है कि यहां पर विद्यार्थियों के बैठने के पुख्ता प्रबंध नहीं हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। इसके लिए अब तक प्रशासन और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। काॅलेज प्रबंधन ने सेक्टर-27 में पड़ी सात एकड़ जमीन की मांग की थी। उसके बारे में भी कुछ खास पता नहीं चल रहा है।
बता दें कि सेक्टर-26 पॉलिटेक्निक कॉलेज में वर्ष 2023 में 90 सीटों के साथ बीटेक कॉलेज शुरू किया था। नए सेशन 2024 से यहां पर 240 सीटों पर बीटेक कोर्स शुरू किया जाएगा। इस कारण विद्यार्थियों के लिए कक्षा लगाने की जगह पॉलिटेक्निक में नहीं है। वहीं, अब तक इसके लिए कोई बिल्डिंग प्लान भी नहीं बनाया गया है और न ही इसके लिए नई जमीन कॉलेज को दी गई है।
पहले से ही चल रहे है दो पॉलिटेक्निक कोर्स
गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज सेक्टर-26 के प्रिंसिपल दलजीत सिंह ने बताया कि कॉलेज में पॉलिटेक्निक के तीन वर्षीय डिप्लोमा में हर साल 420 एडमिशन होते हैं। इसमें तीन साल के अब डिप्लोमा कोर्स में 1260 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। वहीं, महाज्ञानी ऋषि अष्टावक्र केंद्र में स्पेशल विद्यार्थियों के हर साल 360 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। वर्ष 2023 से शुरू हुए बीटेक कोर्स में भी 90 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। इस तरह से कॉलेज में 1710 विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। अब बीटेक के विद्यार्थी शामिल होने के बाद यह संख्या 1860 पहुंच जाएगी। बीटेक के विद्यार्थियों के लिए कॉलेज में अब तक इंफ्रास्ट्रक्चर भी डेवलप नहीं हो पाए हैं। इस कारण विद्यार्थियों के लिए नई जगह पर पढ़ाई करवाने की बात कही गई है। इसके बाद भी अभी तक इसके लिए फैसला नहीं हो पाया है।
यह बीटेक के नए कोर्स होंगे शुरू
पंचकूला में नए सत्र 2024 से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस एंड मशीन लर्निंग) की 60 सीटें, बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में 60 सीटें, बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग की 60 और बीटेक इलेक्ट्रिक एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की 60 सीटें की गई हैं। इन सीटों के बढ़ाने के बाद सेक्टर-27 के हाईस्कूल की जमीन कॉलेज प्रबंधन की ओर से मांगी गई है लेकिन अभी तक इसे नहीं दिया है।
बीटेक की सीटें बढ़ने के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत पड़ेगी। इसके लिए प्रशासन से सात एकड़ सेक्टर-27 में जमीन मांगी गई है। जमीन मिलने के बाद भी यह कक्षाएं शुरू हो सकती हैं। इसके लिए पत्र लिखा है। -दलजीत सिंह, प्रिंसिपल, सेक्टर-26 गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक
जिले का पहला पॉलिटेक्निक, जिसमें बीटेक शुरू किया गया है। इसके लिए जल्द ही जमीन की अनुमति दी जाएगी। इससे विद्यार्थियों को सही तरीके से पढ़ाई का मौका मिल सकेगा। -सुशील सारवान, उपायुक्त, पंचकूला