संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। शहर में दुकानदार पर फायरिंग मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि दुकानदार पर हमला उसके जीजा ने ही करवाया था। जीजा को शक था कि उसकी पत्नी के साथ तलाक में उसके साले का हाथ है।
थाना सदर के इंचार्ज सुरजीत सिंह के अनुसार पीड़ित जतिंदर सिंह उर्फ रिंकू रायकोट रोड स्थित गांव रूमी में गुरु नानक सेनेटरी की दुकान चलाता है। शनिवार रात को वह फॉर्च्यूनर गाड़ी में घर लौट रहा था। गांव रूमी के टी पॉइंट से छज्जावाल की तरफ मुड़ते ही बिना नंबर की बाइक सवार दो नकाबपोशों ने उस पर पर गोली चला दी। गोली ड्राइवर साइड के शीशे को भेदती हुई पिछले शीशे से बाहर निकल गई। इसके बाद हमलावर जगरांव की तरफ फरार हो गए। जतिंदर की शिकायत पर पुलिस ने मोगा के गांव तारेवाला निवासी रूपिंदर सिंह उर्फ पिंदा और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित के मुताबिक उसकी बहन की शादी आरोपी रूपिंदर सिंह के साथ 2018 में हुई थी लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी बहन का पति से तलाक हो गया था। उसके जीजा रूपिंदर सिंह को शक है कि यह तलाक उसने करवाया है। इसी के चलते उस पर बार-बार हमले करवा कर वह उसे मारना चाहता है। आरोपी पहले भी उस पर हमला करवा चुका है।