रायपुररानी। कस्बे में मंगलवार रात चोरों ने एग्रीकल्चर की एक दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार रात करीब 1 बजकर 30 मिनट की है। चोर देर रात दुकान पर पहुंचे और शटर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। कुछ देर में उन्होंने गल्ले में रखे करीब 30,000 रुपये नकद निकाल लिए। चोरी करते समय चोरों ने दुकान के सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया ताकि उनकी पहचान न हो सके।
दुकान के मालिक अमनदीप ने बताया कि मंगलवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो शटर टूटा हुआ मिला और गल्ले में रखे रुपये गायब थे। उन्होंने सीसीटीवी की जांच की, जिसमें चोरों की हरकतें रिकॉर्ड हुई थीं। अमनदीप ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।