फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panchkula News: जिलाध्यक्षों के साथ दसों लोकसभा सीटों को जीतने की योजना पर मंथन

विज्ञापन
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
विज्ञापन

पंचकूला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के रोड शो से एक दिन पहले पंचकूला में प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों को बुलाकर प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की दस सीटों को जीतने की योजना पर मंथन किया। इसके साथ ही शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रोड शो की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। 22 जिलों के जिला अध्यक्षों और युवा इकाई के जिला अध्यक्षों के साथ घंटों विमर्श के बाद नायब सैनी पत्रकारों के सामने आए और दावा किया कि संगठनात्मक शक्ति और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर डबल इंजन सरकार तीसरी बार भी बनना तय है। पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए उन्होंने कांग्रेस को परिवारवाद और आम आदमी पार्टी को झूठ की पार्टी बताया। बैठक में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा और तीनों प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली, डाॅ. अर्चना गुप्ता व सुरेंद्र पुनिया भी मौजूद रहे।

पार्टी कार्यालय पंचकमल में हुई बैठक
मनोहर सरकार द्वारा किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत संकल्प यात्रा के जरिए पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ दिलाने पर भी गहनता से चर्चा हुई। प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार जनहितकारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच है कि सरकार की योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। सभी को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हमारी सरकार का ध्येय है। हमारी सरकार गरीब के हित में काम कर रही है। डबल इंजन की सरकार हरेक गरीब व्यक्ति की चिंता करने वाली सरकार है।
विज्ञापन


आज रोड शो, जेपी नड्डा का होगा भव्य स्वागत
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सेवा भाव लेकर गरीब कल्याण के उद्देश्य से जनता के बीच जा रहा है और हर वर्ग को सरकार की योजनाओं से जोड़ रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि इसी संगठनात्मक शक्ति के दम पर भाजपा तीसरी बार भी केंद्र और प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि 10 की 10 लोकसभा सीटें ऐतिहासिक जीत के साथ जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झोली में डालेगी। उन्होंने बताया कि शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा का भव्य स्वागत रोड शो के माध्यम से किया जाएगा। बैठक में रोड शो की पूरी तैयारियों की समीक्षा की गई है और सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे निकाला जाएगा। इस रोड शो में हजारों कार्यकर्ता और आम जन शामिल होंगे। इसके अलावा कार्यकर्ता बाइकों व कारों से पार्टी के झंडे लेकर रोड शो में शिरकत करेंगे।
विज्ञापन

यह रोड शो सेक्टर-7, 8, 9, 10 और 11 के अलावा विभिन्न सेक्टरों से होते हुए पीडब्ल्यूडी सभागार में पहुंचेगा जहां नड्डा कार्यकर्ताओं और पदाधिारियों को संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा भारी बहुमत से लोकसभा और विधानसभा चुनाव जीतने के टिप्स के साथ-साथ महत्वपूर्ण दिशा निर्देश भी देंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें