संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। हत्या के मामले में जिला अदालत ने एक युवक को दोषी करार दिया है। दोषी को आज सजा सुनाई जाएगी। दोषी की पहचान 29 वर्षीय दलीप उर्फ छोटू निवासी गांव सिसवानर जिला कुशी नगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने दोषी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
सुशील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह गांव बेहड़ में रहता है। पंचकूला में होमगार्ड की नौकरी करता है। उन्होंने सेक्टर-11 में रहने वाली राजबाला से गांव बेहड़ में दो एकड़ जमीन सरकारी ट्यूबवेल जलघर के पास ठेके पर ले रखी है। उनके पास छोटू नाम का बिहारी करीब तीन साल से काम करता है। 21 मई 2021 उसके पिता सुरेश कुमार व नौकर छोटू बिहारी खेत में पशुओं के लिए चारा लेने गए थे। काफी समय तक उसके पिता चारा लेकर नहीं आए। जब वह दोपहर दो बजे ड्यूटी से घर आया तो उसके घर वालों ने बताया कि उसके पिता अभी तक खेतों से नहीं आए।
वह अपने पिता को खेत में बुलाने के लिए गया और खेत में बने कोठे के पास पहुंचा तो छोटू बिहारी अपने हाथ में पकड़ी कस्सी को छोड़कर अड्डे की तरफ भाग गया। जब उसने वहां देखा तो उसके पिता सुरेश के ऊपर मिट्टी पड़ी थी। जब उसने अपने पिता को मिट्टी से बाहर निकाला और देखा तो उसके पिता का सिर कस्सी से कटा हुआ था। उसके पिता की मौत हो चुकी थी। सुशील ने छोटू बिहारी पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने छोटू बिहारी के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था।