स्प्रिंट-2026-27 शिविर में स्पोर्ट्स मसाज, रिकवरी और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग का भी मिला प्रशिक्षण
खेल विज्ञान आधारित प्रशिक्षण से प्रदर्शन सुधारने और चोटों से बचाव पर जोर
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रहे स्प्रिंट-2026-27 बॉक्सिंग शिविर के तीसरे दिन खिलाड़ियों को बायोमैकेनिक्स, प्रशिक्षण प्रबंधन और स्पोर्ट्स मसाज की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों ने सैद्धांतिक और प्रायोगिक सत्रों के माध्यम से रिंग में प्रदर्शन बेहतर बनाने के गुर सिखाए।
संयुक्त राज्य परियोजना अधिकारी डॉ. मयंक वर्मा ने बताया कि डॉ. विवेक ने खिलाड़ियों को शरीर की गति, संतुलन, बल और तकनीक के सही उपयोग की जानकारी दी। वहीं डॉ. विकास ने प्रशिक्षण योजना, रिकवरी, पोषण और समय प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। स्पोर्ट्स मसाज विशेषज्ञ संजय ने मांसपेशियों की रिकवरी और चोटों से बचाव संबंधी तकनीकों का प्रदर्शन किया। शिविर में खिलाड़ियों को स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, शैडो बॉक्सिंग, स्पीड एंड्यूरेंस और पंचिंग बैग वर्क का अभ्यास भी कराया गया।