पंचकूला। पंचकूला में जिला परिषद की स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामी (एसबीएम-जी) योजना के तहत 25 लाख रुपये के फर्जीवाड़े के प्रयास के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दिनेश और गगन को 8 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाएगी कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन शामिल था। शिकायतकर्ता जिला परिषद के अकाउंट्स ऑफिसर संजय कुमार ने पुलिस को बताया कि एसबीएम-जी योजना के तहत पंचकूला की एडीसी और जिला परिषद सीईओ आईएएस निशा यादव के फर्जी सिग्नेचर करके पेमेंट फाइल हेडक्वार्टर भेजी गई थी।
फाइल में निजी एजेंसी रुबानी इंटरप्राइजेज के बैंक खाते में 20 लाख और जिला परिषद कर्मचारी दिनेश के बैंक खाते में 5 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर करने के लिए भेजे गए थे। आमतौर पर फाइल पर जिला परिषद के सीईओ का साइन होता है। हेडक्वार्टर के अधिकारी को साइन में शंका हुई और उसने तुरंत जिला परिषद ऑफिस को सूचित किया। अकाउंट ऑफिसर की शिकायत के बाद दिनेश और रुबानी इंटरप्राइजेज के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।