संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। पंचकूला-यमुनानगर राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर गांव बिल्ला के बस स्टॉप के पास रविवार सुबह एक महंत का शव बेलोरो गाड़ी में मिला। मृतक की पहचान महंत विवेकानंद पुरी (52 वर्षीय) पुत्र राधेश्याम निवासी गांव नगला जिला अंबाला के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार सुबह गाड़ी में एक व्यक्ति के मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम और सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने गांव नगला के सरपंच और ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और संत समाज के साधुओं ने मृतक की पहचान की।
पुलिस के अनुसार महंत विवेकानंद पुरी गांव नगला स्थित डेरे में रहते थे। प्रारंभिक तौर पर हृदय गति रुकने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस ने शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच की जा रही है।