संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। शहर की शाह काॅलोनी में दिवाली की रात दो गुटों में खूनी झड़प हो गई। इसमें दो लोग गंभीर रूप में घायल हुए है जिनमें एक युवक को गंभीर हालत के चलते अमृतसर रेफर किया गया है। घायल युवकाें के परिजनों ने पुलिस थाना डिवीजन नंबर दो में शिकायत दर्ज करवाई है। हमलावराें ने एक गाड़ी, स्कूटी और मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ की है। घटना की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
शाह काॅलोनी निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उसका भाई 20 अक्टूबर को अपनी दुकान बंद कर रहा था। इस दौरान करीब 10 लोगों ने उसके भाई पर हमला कर दिया। इस वारदात में एक युवक का हाथ काट दिया गया। सुनील के अनुसार जब वह वहां पहुंचा तो हमलावरों ने उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर उसमें पड़ी नकदी निकाल ली। इस संबंध में उन्होंने पुलिस थाना डिवीजन नंबर दो में शिकायत दर्ज करवाई। वारदात के पीछे का कारण रंजिश सामने आई है। पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज करके हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।